एक दिसंबर से शुरू होगी जनसंख्या गणना, 15 से 30 नवंबर तक चलेगी स्वगणना की प्रक्रिया
भीमताल। उत्तराखंड में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके तहत जिला उद्योग केंद्र हल्द्वानी में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में 80 फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी, नैनीताल ने किया। इस अवसर पर भारत सरकार के सहायक निदेशक (जनगणना) अरविंद कुमार भी मौजूद रहे।
घर-घर जाकर पूछे जाएंगे 40 सवाल
अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण में नियुक्त प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से जनगणना से संबंधित 40 प्रश्न पूछेंगे। उत्तराखंड में जनसंख्या गणना का कार्य एक दिसंबर 2026 से शुरू होगा। इससे पहले 15 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की प्रक्रिया संचालित की जाएगी।
फील्ड ट्रेनरों को दी जा रही जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर मुकेश नेगी तथा कोऑर्डिनेटर यश और विमलेश फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को जनगणना की प्रक्रिया और कार्यप्रणाली से अवगत कराया जा रहा है, ताकि आगामी चरण में प्रगणकों को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षित किया जा सके।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी गौरव पांडे भी उपस्थित रहे।





+ There are no comments
Add yours