आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे मंत्री कैड़ा, प्रभावितों को बांटी राहत सामग्री

मंत्री ने डीएम को नुकसान का आकलन कर प्रभावितों को मुआवजा देने के दिए निर्देश

भीमताल। लगातार हो रही बारिश के बीच कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। मंत्री ने चाफी, अलचौना, पांडेयछोड़, भीमताल, कुवाताल समेत अन्य क्षेत्रों में पहुंचकर आपदा से हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

मंत्री कैड़ा ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने प्रभावित लोगों को खाद्य सामग्री वितरित करते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

मृतक बच्ची के स्वजन को चार लाख की सहायता

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल में नाले में बहने से मृत बच्ची के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें आपदा मद से चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। उन्होंने बच्ची की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।

क्षतिग्रस्त सड़कों और पेयजल लाइनों को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान मंत्री कैड़ा ने कहा कि आपदा के कारण कई ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि कई भवनों पर अभी भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने जिलाधिकारी को आपदा से हुए नुकसान का तत्काल आकलन कराने और पात्र प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दुरुस्त करने तथा आपदा मद से आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराने को कहा। मंत्री ने अधिकारियों को आपदा की स्थिति को देखते हुए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश भी दिए।

मंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours