43 न्याय पंचायतों में अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग के बालक-बालिकाएं करेंगे प्रतिभाग
भीमताल। खेल महाकुंभ एवं मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के तहत जिले में न्याय पंचायत स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी अर्जुन सिंह रावत ने बताया कि जनपद की 43 न्याय पंचायतों में शिक्षा, युवा कल्याण, पंचायत और खेल विभाग के सहयोग से न्याय पंचायत स्तरीय खेल महाकुंभ का आयोजन आगामी 10 सितंबर तक किया जाएगा।
प्रतियोगिताओं में अंडर-14 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग में एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी और मुर्गा झपट की प्रतियोगिताएं होंगी। प्रत्येक खेल में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 300, 200 और 150 रुपये की नगद पुरस्कार राशि के साथ मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। न्याय पंचायत स्तर के विजेता खिलाड़ी विधानसभा चैंपियंस ट्रॉफी-2026 में प्रतिभाग करेंगे।
11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर पर मुकाबले
न्याय पंचायत स्तर की प्रतियोगिताओं के बाद विधानसभा चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन 11 से 20 सितंबर तक किया जाएगा। विधानसभा स्तर पर अंडर-14 एवं अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी और मुर्गा झपट में न्याय पंचायत स्तर से चयनित खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इसके अलावा वॉलीबाल और पिठ्ठू की प्रतियोगिताओं में खिलाड़ी सीधे विधानसभा स्तर पर प्रतिभाग कर सकेंगे।
विधानसभा चैंपियंस ट्रॉफी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये की पुरस्कार राशि उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे।
विधानसभा स्तर पर विजेता खिलाड़ी इसके बाद आयोजित होने वाली सांसद चैंपियंस ट्रॉफी-2026 में प्रतिभाग करेंगे। अधिकारियों ने युवाओं से खेल महाकुंभ में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने की अपील की है।

+ There are no comments
Add yours