दूरस्थ बबियाड में वायरल फीवर का प्रकोप, बुधवार को पहुंचेगी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम

Estimated read time 1 min read





कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने ग्रामीणों की मांग पर स्वास्थ्य विभाग से की पहल, गंभीर मरीजों को एसटीएच हल्द्वानी जाने की सलाह

भीमताल : धारी ब्लॉक की बबियाड ग्राम सभा में वायरल फीवर का प्रकोप बढ़ने से अधिकांश परिवार प्रभावित बताए जा रहे हैं। कई परिवारों में एक-दो सदस्य तो कहीं पूरा परिवार बुखार की चपेट में है। ग्रामीणों के अनुसार संसाधनों की कमी और दूरस्थ क्षेत्र होने के कारण स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर नहीं मिल पा रही हैं।

कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से ग्राम सभा बबियाड में बड़ी संख्या में लोग वायरल फीवर से पीड़ित हैं, जिनमें कुछ की स्थिति गंभीर भी बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्र होने के कारण सूचनाओं का आदान-प्रदान भी देरी से हो पाता है। ग्रामीणों के अनुरोध पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर मेडिकल कैंप लगाने की मांग उठाई।

शर्मा के अनुसार उन्होंने एसीएमओ डॉ. खरकवाल को क्षेत्र की स्थिति से अवगत कराया। डॉ. खरकवाल ने बताया कि इस समय पूरा उत्तर भारत वायरल फीवर की चपेट में है और बबियाड में बुधवार को विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भेजी जाएगी। टीम द्वारा मरीजों की जांच, दवाइयों का वितरण और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि परिस्थितियां अनुकूल रहने पर मंगलवार और बुधवार को दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग के सहयोगी डॉ. कांडपाल ने भी बुधवार को पूरी टीम के बबियाड पहुंचने की पुष्टि की है।

मनोज शर्मा ने ग्रामीणों से अपील की है कि स्वास्थ्य टीम के पहुंचने पर सभी लोग अपने मरीजों को जांच के लिए अवश्य लाएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग की ओर से समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही गंभीर रूप से बीमार लोगों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचने की सलाह दी गई है, जहां बेहतर इलाज की व्यवस्था उपलब्ध है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours