नैनीताल में अवैध रेंटल बाइकों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 74 वाहनों के चालान

Estimated read time 1 min read





भीमताल। उच्च न्यायालय के आदेशों और प्रशासनिक निर्देशों के अनुपालन में परिवहन विभाग ने नैनीताल शहर में अवैध रूप से संचालित रेंटल बाइक, टू-व्हीलर टैक्सी और अन्य व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान विभाग ने 74 वाहनों के चालान किए, जबकि एक टैक्सी वाहन को सीज भी कर दिया गया।

बुधवार को चलाए गए अभियान में परिवहन विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जांच और सत्यापन अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 68 रेंटल एवं टैक्सी बाइकों, दो टैक्सी कारों तथा दो अन्य वाहनों के चालान किए गए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एक टैक्सी वाहन को सीज कर दिया गया।

यह अभियान माननीय उच्च न्यायालय नैनीताल के आदेशों, कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत तथा जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में संचालित किया गया। अधिकारियों को न्यायालय द्वारा गठित निगरानी समिति की संस्तुतियों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडेय ने बताया कि वर्ष 2017 के बाद नैनीताल नगर क्षेत्र के लिए किसी भी नए व्यावसायिक दोपहिया वाहन को परमिट जारी नहीं किया गया है। ऐसे में बिना वैध परमिट संचालित वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा न्यायालय के आदेशों का पालन कराने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा। विभाग ने वाहन स्वामियों और संचालकों से वैध परमिट एवं नियमों के अनुरूप ही वाहन संचालन करने की अपील की है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours