लोक भवन में मनाया गया तेलंगाना राज्य स्थापना दिवस, राज्यपाल ने विद्यार्थियों से किया संवाद

Estimated read time 0 min read





भीमताल। लोक भवन, नैनीताल में मंगलवार को तेलंगाना राज्य स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में अध्ययनरत तेलंगाना के विद्यार्थियों से संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्तराखंड में अपने अनुभव साझा करते हुए यहां की संस्कृति, शिक्षा व्यवस्था और प्राकृतिक वातावरण के प्रति अपने विचार व्यक्त किए।
राज्यपाल ने कहा कि तेलंगाना अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा, वन एवं वन्य जीवों के कारण देश में विशेष पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक धरोहर, सांस्कृतिक विविधता और विकासोन्मुख सोच के चलते तेलंगाना पर्यटन की दृष्टि से भी आकर्षक राज्य है। कृषि, तकनीकी और साइबर क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियां देश के लिए प्रेरणादायक हैं।
अपने सैन्य सेवा काल के अनुभव साझा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उन्हें तेलंगाना से विशेष आत्मीय जुड़ाव है। सैन्य सेवा के दौरान लगभग तीन वर्षों तक वहां कार्य करने का अवसर मिला, जिससे उन्हें राज्य की संस्कृति, परंपराओं और लोगों को निकट से समझने का अवसर प्राप्त हुआ।
राज्यपाल ने कहा कि विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस मनाने से देश की विविध सांस्कृतिक विरासत को समझने और आपसी संवाद को बढ़ावा मिलता है। “विविधता में एकता” भारत की सबसे बड़ी शक्ति है और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना राज्यों के बीच सांस्कृतिक समन्वय और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करती है।
कार्यक्रम में प्रथम महिला गुरमीत कौर, गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के प्रो. डी.एस. मूर्ति सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours