खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर सख्ती, पर्यटन सीजन में बढ़ेंगे खाद्य नमूने

Estimated read time 0 min read





भीमताल। पर्यटन सीजन को देखते हुए जिले में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर प्रशासन ने सख्ती के निर्देश दिए हैं। शनिवार को नैनीताल कलक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी विवेक कुमार राय की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्टीयरिंग समिति की बैठक हुई। बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग की प्रवर्तन कार्रवाई, खाद्य नमूनों के संग्रहण, प्रयोगशाला परीक्षण, लाइसेंस एवं पंजीकरण की स्थिति तथा अस्वच्छता के मामलों में की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।

अपर जिलाधिकारी ने पर्यटन सीजन को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों, होटलों और रेस्तरां से खाद्य नमूनों का संग्रहण बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के साथ ही लाइसेंस और पंजीकरण की संख्या में भी वृद्धि करने को कहा। प्रयोगशाला से प्राप्त लंबित रिपोर्टों की समीक्षा करते हुए जिन मामलों में रिपोर्ट आ चुकी है, उनका शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि अस्वच्छ परिस्थितियों में भोजन तैयार करने, मिथ्या या भ्रामक लेबल वाले खाद्य पदार्थ बेचने, बिना लाइसेंस प्रतिष्ठान संचालित करने तथा नकली अथवा निम्न गुणवत्ता की खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में जिले में खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य अजय सिंह रावत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मीनाक्षी बिष्ट, औषधि निरीक्षक अर्चना उप्पल समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours