नदगलगांव तक पहुंचेगी सड़क, टकूरा-जमराड़ी मार्ग होगा दुरुस्त; 1.35 करोड़ की स्वीकृति

Estimated read time 1 min read





भीमताल : वर्षों से सड़क सुविधा की बाट जोह रहे धारी ब्लॉक के ग्राम सभा महतोलियागांव नदगल के ग्रामीणों को जल्द राहत मिलने जा रही है। क्षेत्र में मोटर मार्ग निर्माण और ओखलकांडा ब्लॉक के टकूरा वन चौकी से जमराड़ी तक सड़क के डामरीकरण के लिए कुल 1 करोड़ 35 लाख रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।
क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि नदगल क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को दैनिक जरूरत का सामान मुख्य मार्ग तक पैदल ढोना पड़ता था, जबकि मरीजों को घोड़ों या कंधों के सहारे अस्पताल तक पहुंचाना मजबूरी बनी हुई थी।
मंत्री ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विभागीय अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद शासन स्तर से नदगल मोटर मार्ग निर्माण के लिए लगभग 67.41 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है।

इसके अलावा ओखलकांडा ब्लॉक में टकूरा वन चौकी से जमराड़ी तक मोटर मार्ग की खराब स्थिति को देखते हुए डामरीकरण कार्य के लिए 67.64 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। मंत्री ने लोक निर्माण विभाग अधिकारियों को शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि नदगल मोटर मार्ग निर्माण और टकूरा-जमराड़ी सड़क पर डामरीकरण का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त सड़कों के डामरीकरण और नई सड़क निर्माण पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। इस दौरान मंत्री ने रामगढ़ ब्लॉक के कांडा, झूतिया, तल्ला रामगढ़ और बोहराकुन गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।

ग्रामीणों में खुशी की लहर :

सड़क निर्माण और डामरीकरण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मंत्री का आभार जताते हुए जल्द कार्य शुरू कराने की मांग की।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours