230 करोड़ की सड़क व ड्रेनेज परियोजनाएं समय पर पूरी हों, लापरवाही पर होगी जवाबदेही : आयुक्त

Estimated read time 0 min read





भीमताल। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मंगलवार को हल्द्वानी में यूयूएसडीए की लगभग 230 करोड़ रुपये की सड़क एवं ड्रेनेज परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आयुक्त ने कैंप कार्यालय से मंगल पड़ाव तक पैदल निरीक्षण किया तथा शनि बाजार क्षेत्र में निर्माणाधीन नाले का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण कार्यों में हो रही देरी पर उन्होंने नाराजगी जताई और सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए। यूयूएसडीए अधिकारियों को माइक्रो प्लान तैयार कर तेजी से कार्य कराने को कहा गया।

शहर में निर्माण कार्यों के चलते विभिन्न स्थानों पर बने गड्ढों और आमजन को हो रही परेशानी पर भी आयुक्त ने गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यदि कार्यों में अनावश्यक विलंब हुआ तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही सड़क खोदने के बाद पुनर्स्थापना कार्य समय पर पूरा करने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हाल ही में बरेली रोड पर हुई सड़क दुर्घटना का उल्लेख करते हुए आयुक्त ने बताया कि एनएचएआई के साथ समन्वय कर दुर्घटना संभावित क्षेत्र में अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवश्यक साइनेज जल्द लगाने के निर्देश दिए तथा लोगों से अपील की कि वे कभी भी रॉन्ग साइड वाहन न चलाएं, क्योंकि यह गंभीर हादसों का कारण बनता है।

निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, यूयूएसडीए की परियोजना निदेशक मृदुला सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर गुरप्रीत सिंह, उपजिलाधिकारी मोनिका, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रत्यूष सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours