भीमताल में विकास कार्यों की समीक्षा, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने दिए सख्त निर्देश

Estimated read time 1 min read





भीमताल, 21 अप्रैल। विकास भवन सभागार में मंगलवार को शहरी विकास, जलागम प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण संरक्षण मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान मंत्री ने कहा कि नैनीताल जनपद प्रदेश का वीवीआईपी जिला है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु आते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि पर्यटन सीजन में जाम की स्थिति न बने और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलें, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त की जाएं। गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
वन विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने और वनाग्नि की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 24 घंटे सतर्क रहने को कहा। उन्होंने चीड़ के जंगलों से पीरूल एकत्र कर आग की घटनाएं कम करने तथा इस कार्य में महिला समूहों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वन और कृषि विभाग को समन्वय स्थापित कर बंदरों की समस्या के समाधान के लिए कार्रवाई करने को कहा।
सिंचाई विभाग को झीलों के घटते जलस्तर को बढ़ाने के लिए स्थायी समाधान पर कार्य करने तथा झीलों के सौंदर्यीकरण पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग की समीक्षा में उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए और जनपद को शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने के लिए प्रयास किए जाएं। दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षकों की तैनाती और जर्जर विद्यालयों की मरम्मत के निर्देश भी दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को भीमताल सहित दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मुख्यमंत्री घोषणाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। चिकित्सालयों का समय-समय पर औचक निरीक्षण करने पर भी जोर दिया गया।
पर्यटन विभाग को सभी प्रमुख स्थलों का सौंदर्यीकरण, व्यू प्वाइंट निर्माण और साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अवैध रूप से संचालित होम-स्टे के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश जिला पर्यटन विकास अधिकारी को दिए।
जल संस्थान को गर्मियों में पेयजल संकट से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने, टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने और जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।
सेवायोजन एवं उद्योग विभाग को युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार से जोड़ने, कौशल विकास प्रशिक्षण देने और स्वरोजगार योजनाओं के तहत ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को पहाड़ी क्षेत्रों में उन्नत नस्ल के पशु उपलब्ध कराने और भीमताल में गौशाला निर्माण शीघ्र पूरा करने को कहा गया।

सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा में मंत्री ने बरसात से पहले सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। पूर्ति विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने, केवाईसी कैंप आयोजित करने तथा मानसून से पूर्व तीन माह का खाद्यान्न वितरण करने को कहा गया।

बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि छोटी समस्याओं को गंभीरता से लेकर तत्काल समाधान किया जाए और सभी विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण हों। जिलाधिकारी ने गैस आपूर्ति की निगरानी बढ़ाने और विद्यालयों का नियमित औचक निरीक्षण कर एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग मनोहर सिंह धर्मशक्तू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours