भीमताल। मौसम विभाग की ओर से जारी भारी वर्षा के अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले के सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आपदा से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी बनाए रखने को कहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित विभाग 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहें और आपदा की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू करें।
डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि तेज बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें। नदी-नालों, गधेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
उन्होंने नागरिकों से किसी भी आपात स्थिति या दुर्घटना की सूचना तत्काल जिला प्रशासन अथवा संबंधित नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

+ There are no comments
Add yours