नैनीताल जिले को मिलीं 1000 कंट्रोल यूनिट और 700 वीवीपैट, चुनावी तैयारियां तेज

Estimated read time 1 min read





भीमताल। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर नैनीताल जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले को बिहार के पश्चिमी चंपारण से 1000 कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 700 वीवीपैट मशीनें आवंटित की गई हैं। मशीनों को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत जीपीएस युक्त वाहनों से ट्रैकिंग सिस्टम के माध्यम से हल्द्वानी पहुंचाया गया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने बताया कि मशीनों के जिले में पहुंचने के बाद उन्हें नैनीताल जनपद के डाटाबेस में इलेक्ट्रॉनिक रूप से दर्ज किया गया। इसके बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सभी ईवीएम और वीवीपैट को हल्द्वानी स्थित ईवीएम वेयरहाउस में सुरक्षित रखवा दिया गया।

स्कैनिंग और सत्यापन का कार्य पूरा

निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत मशीनों की स्कैनिंग और सत्यापन का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। सभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप वेयरहाउस में सुरक्षित रखा गया है।

कोषागार में रखी गईं चाबियां

ईवीएम वेयरहाउस की चाबियां उपजिलाधिकारी और तहसीलदार के माध्यम से कोषागार में सुरक्षित रखी गई हैं। वेयरहाउस की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। अधिकारियों के अनुसार पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराई गई।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours