एसडीजी रैंकिंग में नैनीताल ने हासिल किया दूसरा स्थान, डीएम ललित मोहन रयाल सम्मानित

Estimated read time 0 min read





भीमताल। अल्मोड़ा स्थित उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में बुधवार को आयोजित राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों, संगठनों, व्यक्तियों एवं जनपदों को सम्मानित किया गया।
समारोह में जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपदों को भी सम्मानित किया गया, जिसमें जनपद नैनीताल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित कर बधाई दी गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह समारोह उन व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित करने का अवसर है, जिन्होंने नवाचार, उत्कृष्ट कार्य और समाजहित में अनुकरणीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मयोगियों के प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष 32 संस्थानों, संगठनों, व्यक्तियों और समूहों को सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मजबूत इच्छाशक्ति और नवाचार के बल पर असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में एक समय उत्तराखंड 10वें स्थान पर था, जबकि अब राज्य देश में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है। सरकार पर्यावरण और विकास के संतुलन के साथ वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन, गरीब कल्याण, सीमांत क्षेत्रों के विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। राज्य की जीडीपी वृद्धि, प्रति व्यक्ति आय में बढ़ोतरी और बेरोजगारी दर में कमी को उन्होंने राज्य की विकास यात्रा का सकारात्मक संकेत बताया।
उल्लेखनीय है कि जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में प्रथम स्थान रुद्रप्रयाग को मिला, जबकि उत्तरकाशी और नैनीताल संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। बागेश्वर, चमोली और टिहरी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours