भीमताल : सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय ने सोमवार को जिला सूचना कार्यालय नैनीताल का निरीक्षण कर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के साथ संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार मीडिया सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप आधुनिक मीडिया सेंटर की स्थापना की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक ने जिला सूचना कार्यालय की व्यवस्थाओं, प्रचार-प्रसार गतिविधियों और विभागीय पटलों का जायजा लिया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मीडिया सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करता है। जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अहम है।
उन्होंने बताया कि मीडिया सेंटर बनने के बाद स्थानीय और बाहरी क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों को समाचार प्रेषण, कवरेज और तकनीकी कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। पत्रकारों की मांग पर उन्होंने जिला सूचना अधिकारी को नैनीताल मुख्यालय में मीडिया सेंटर निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चयन कर शीघ्र प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में पत्रकारों ने मान्यता प्राप्त पत्रकारों के उपचार के लिए प्रदेश से बाहर अनुबंधित अस्पतालों की संख्या बढ़ाने तथा पत्रकार मान्यता से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। इस पर संयुक्त निदेशक ने आश्वासन दिया कि पत्रकारों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रदेश में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पॉलिसी जल्द लागू की जाएगी। इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
संयुक्त निदेशक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने के लिए सूचना तंत्र को और अधिक सक्रिय बनाया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी, विभागीय कर्मचारी और विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours