हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती पर दुग्ध उत्पादकों को मिली प्रोत्साहन राशि

Estimated read time 0 min read





3500 किट वितरित, 78 लाभार्थियों को 1.17 लाख के चेक दिए गए

भीमताल। नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा महान स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जनसेवा व विकास कार्यों को याद किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन नैनीताल क्लब में दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्या सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान स्वच्छ दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 3500 किटों का वितरण किया गया। साथ ही दुग्ध उत्पादकों को जागरूक करने हेतु गोष्ठी आयोजित की गई। प्रोत्साहन योजना के तहत 78 लाभार्थियों को 1 लाख 17 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए और उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा का जीवन समाज सेवा और विकास के लिए प्रेरणास्रोत है। विधायक सरिता आर्या ने पशुपालकों को जंगली जानवरों से पशुओं की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने बताया कि दूध के मूल्य में 18 माह में 13 रुपये की वृद्धि होने से दुग्ध उत्पादकों को लाभ मिला है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि साइलेज अनुदान 30 करोड़ से बढ़ाकर 40 करोड़ तथा दुग्ध प्रोत्साहन राशि 30 करोड़ से बढ़ाकर 35 करोड़ किए जाने से किसानों की आय में वृद्धि होगी और डेयरी क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह भाकुनी ने किया। इस मौके पर दुग्ध संघ के पदाधिकारी, कर्मचारी व बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours