भीमताल की झीलों में गूंजा स्वच्छता का संदेश, 450 बच्चों ने जुटाए 400 बैग कूड़ा

Estimated read time 1 min read





भीमताल । पर्यटन नगरी भीमताल की झीलों—भीमताल, नौकुचियाताल, नलदमयंती और सातताल—के किनारे रविवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में विकास खंड भीमताल, जिला पंचायत नैनीताल, रोटरी क्लब नैनीताल और नगर पालिका भीमताल के साथ स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं व जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यटन स्थलों पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए झीलों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। सफाई के दौरान स्कूली बच्चों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि डस्टबिन खाली होने के बावजूद कूड़ा सड़कों के किनारे फैला हुआ है। कई स्थानों पर कांच की बोतलें भी बेतरतीब पड़ी मिलीं।
स्वच्छता अभियान में भीमताल क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से करीब 450 बच्चों ने हिस्सा लिया और मिलकर 400 बैग कूड़ा एकत्र किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाले ‘पर्यावरण मित्रों’ को सम्मानित भी किया गया।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने कहा कि छात्र-छात्राएं देश का भविष्य हैं और यदि वे स्वच्छता का संकल्प लें, तो आने वाले समय में न केवल शहर बल्कि पूरा प्रदेश और देश स्वच्छ बन सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
अभियान में जिला पंचायत नैनीताल के अपर मुख्य अधिकारी एम.के. विश्नोई, रोटरी क्लब के डायरेक्टर विनोद दुआ, ग्राम प्रधान मुकेश पलड़िया, प्रदीप कुमार, रोटरी क्लब के अध्यक्ष शैलेन्द्र शाह, अरुण शाह, ऋषि दुआ, विक्रम स्याल, एस.एस. नेगी, के.डी. सिंह, कुलदीप बोरा और कमल कुल्याल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
इससे पूर्व मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पांडे के नेतृत्व में भीमताल क्षेत्र में बृहद स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें रोटरी क्लब के सदस्यों के साथ लेक इंटरनेशनल स्कूल और ग्राफिक एरा सहित अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours