पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

Estimated read time 0 min read


  • सेना एवं पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर दी अंतिम सलामी
  • पुत्र मनीष खंडूड़ी ने दी पिता की चिता को मुख्यग्नि
  • अंत्येष्टि में मुख्यमंत्री धामी, केंद्रीय मंत्री खट्टर, कई पूर्व मुख्यमंत्री और मंत्री रहे मौजूद

हरिद्वार। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (से.नि.) भुवन चंद्र खंडूड़ी को आज खड़खड़ी श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा और हर वर्ग के लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार के दौरान सेना एवं पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर दिवंगत नेता को अंतिम सलामी दी। उनके पुत्र मनीष खंडूड़ी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।

इस अवसर पर केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि खंडूड़ी का जीवन सादगी, अनुशासन और ईमानदारी का उदाहरण रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सेना अधिकारी के रूप में हर दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाया। उनके कार्यों को उत्तराखंड ही नहीं, पूरा देश हमेशा याद रखेगा। सुशासन और लोकपाल जैसे महत्वपूर्ण विचारों को आगे बढ़ाने में उनका योगदान प्रेरणादायक रहा।
मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खंडूड़ी का निधन राज्य और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सेना, केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री के रूप में शुचिता, पारदर्शिता और अनुशासन के साथ उत्कृष्ट कार्य किए। उन्होंने कहा कि वह हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रहेंगे। उनके साथ काम करने का अवसर मिला, उनकी कमी एक अभिभावक के रूप में हमेशा महसूस होगी।उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिजनों व शुभचिंतकों को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि उनका जाना उत्तराखंड के लिए यह बहुत बड़ी क्षति है, लेकिन उनके द्वारा स्थापित आदर्श हमें हमेशा मार्गदर्शन देते रहेंगे।”

इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री सहित सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों मंत्रीगणों, विधायकों, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर,जनप्रतिनिधि, आधिकारियों, सेना के अधिकारियों जवानों एवं आमजन द्वारा दिवंगत आत्मा को पुष्पचक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित कर अंतिम सलामी दी।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, विजय बहुगुणा ,रमेश पोखरियाल निशंक व तीरथ सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट व  अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा व  खजान दास, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन अजय कुमार, विधायक आदेश चौहान, प्रेम चंद्र अग्रवाल, विनोद चमोली, सुरेश गड़िया, अरविंद पाण्डे, रवि बहादुर, मेयर रुड़की अनीता देवी, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, अखाड़ा परिषद अध्यक्ष व निरंजनी अखाड़ा के महासचिव श्रीमहंत रवीन्द्र पुरी एवं निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशनंद महाराज, जयराम आश्रम पीठाधीश्वर स्वामी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एचआरडीए सचिव मनीष कुमार, उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी ट्रैफिक निशा यादव सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधि,आमजन मौजूद रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours