भीमताल। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षता में जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के आदेशानुसार बुधवार को शहीद हीरा बल्लभ भट्ट राजकीय इंटर कॉलेज ज्योलिकोट में अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य कुंदन सिंह बुदियाल ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल का स्वागत करते हुए किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं दीं।
सचिव पारुल थपलियाल ने विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गलत संगत से दूर रहने तथा अपने भविष्य को लेकर सजग रहने का आह्वान किया।
शिविर में विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया गया। उन्हें अंजान लिंक, वेबसाइट और किसी भी तरह के लालच में आकर अपनी व्यक्तिगत अथवा बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के प्रति भी सतर्क किया गया। साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
इसके अलावा विद्यार्थियों को नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी दी गई। शिविर में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours