सफाई कर्मियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष ने मानदेय, नियमितीकरण, आवास और नए पद बढ़ाने पर दिया जोर

भीमताल, 18 मई। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने सोमवार को राज्य अतिथि गृह नैनीताल में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर नगर निगम हल्द्वानी सहित जिले के सभी नगर निकायों में कार्यरत पर्यावरण मित्रों और सफाई कार्मिकों की समस्याओं की समीक्षा की। बैठक में समय पर मानदेय, नियमितीकरण, बढ़ते कार्यक्षेत्र के अनुरूप नए पद सृजित करने और आवास संबंधी समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दिया गया।

उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निकाय क्षेत्रों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन प्रधानमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है, इसलिए सभी नगर निकाय बोर्ड सफाई कर्मियों के पद बढ़ाने और मानदेय में वृद्धि संबंधी प्रस्ताव शासन को भेजें।
उन्होंने कहा कि जिन सफाई कर्मियों की सेवा 10 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उन्हें उत्तराखंड कार्मिक नियमावली के अनुरूप नियमित करने की कार्रवाई की जाए तथा वरिष्ठता सूची तैयार कर कर्मचारियों के हित में निर्णय लिए जाएं।

उपाध्यक्ष ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी सफाई कार्मिकों के हितों के प्रति संवेदनशील हैं और उनके स्तर से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने नगर निकाय क्षेत्रों की वाल्मीकि बस्तियों में विकास कार्य कराने, सामुदायिक भवन निर्माण, समय पर वर्दी और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सफाई कर्मचारियों के आयुष्मान और गोल्डन कार्ड बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने को कहा।

मृतक आश्रित नियुक्ति और एसीपी का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए उन्होंने सफाई कर्मियों की आवासीय समस्याओं के समाधान पर भी बल दिया। नैनीताल नगर पालिका क्षेत्र में पुराने आवासों में रह रहे सफाई कार्मिकों से लिए जा रहे किराए के मामले में अपर जिलाधिकारी को 15 दिन के भीतर जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सरिता आर्य, दिनेश आर्य, सौरभ असवाल, एपीडी चंद्रा फर्त्याल, नगर निगम हल्द्वानी एवं विभिन्न नगर निकायों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours