प्रदेश को मिलेंगी 4 एमआरआई, 5 मैमोग्राफी और 75 हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनें, दिल्ली में हुआ एमओयू
भीमताल। उत्तराखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पीएम केयर्स फंड के तहत प्रदेश को अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। सोमवार को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में उत्तराखंड सरकार और केंद्र सरकार के बीच इस संबंध में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
उत्तराखंड सरकार के स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे ने भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की अपर सचिव पटनायक की मौजूदगी में समझौते पर हस्ताक्षर किए। समझौते के तहत प्रदेश को 4 एमआरआई मशीनें, 5 मैमोग्राफी मशीनें तथा 75 हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी।
इन आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के मिलने से राज्य के सरकारी अस्पतालों में जांच सुविधाएं बेहतर होंगी। इससे मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सकेगा तथा स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और प्रभावशीलता में भी उल्लेखनीय सुधार आने की उम्मीद है।
इस अवसर पर एनएचएम निदेशक डॉ. संदीप तिवारी भी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours