घटना से दहशत, ग्रामीणों का वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन
भीमताल, 22 अप्रैल। भीमताल ब्लॉक के अंतर्गत ज्योली गांव में बुधवार सुबह गुलदार के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार, ज्योली गांव निवासी 52 वर्षीय हेमा पांडे सुबह करीब 9 बजे मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई थीं। उनके साथ गांव की दो अन्य महिलाएं भी थीं। कुछ देर बाद जब हेमा पांडे नजर नहीं आईं तो साथ गई महिलाएं घबराकर गांव लौटीं और परिजनों व ग्रामीणों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगल पहुंचे और महिला की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद जंगल से महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार ने महिला को अपना शिकार बनाया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इससे पहले भी मनोरा क्षेत्र के मोरा गांव में गुलदार के हमले में एक महिला की जान जा चुकी है। उस घटना के बाद वन विभाग ने एक गुलदार को पकड़कर आदमखोर घोषित किया था, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने घटना पर चिंता जताते हुए बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके के लिए रवाना हुए और वन विभाग के अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं और आदमखोर गुलदार से ग्रामीणों को शीघ्र निजात दिलाई जाए।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई है, लेकिन वन विभाग प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि आदमखोर गुलदार को जल्द पकड़कर क्षेत्र को सुरक्षित किया जाए।
घटना की सूचना पर मनोरा रेंज के वन अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

+ There are no comments
Add yours