फोटोयुक्त मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन, 1068 मतदेय स्थलों पर कर सकेंगे अवलोकन

Estimated read time 1 min read





भीमताल । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नैनीताल जिले की छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत 14 जुलाई को आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले के मतदाताओं से मतदाता सूची का अवलोकन कर आवश्यक होने पर दावा एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने बताया कि 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर 56-लालकुआं, 57-भीमताल, 58-नैनीताल (अजा.), 59-हल्द्वानी, 60-कालाढूंगी और 61-रामनगर विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन किया गया है। मतदाता सूची जनपद के सभी 1068 मतदेय स्थलों, संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (उपजिलाधिकारी), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (तहसीलदार) तथा जिला निर्वाचन कार्यालय में अवलोकन के लिए उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे प्रारूप-6 के साथ निर्धारित दस्तावेज संलग्न कर आवेदन कर सकते हैं। वहीं किसी मतदाता का नाम सूची से हटाने के लिए प्रारूप-7 तथा नाम, पता, फोटो या अन्य विवरण में संशोधन अथवा स्थानांतरण के लिए प्रारूप-8 में आवेदन किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता ऑनलाइन भी भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल और ECI NET मोबाइल एप के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से समय रहते मतदाता सूची का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours