वृद्ध जागेश्वर और दण्डेश्वर महादेव मंदिर में भी किया दर्शन-पूजन, आध्यात्मिक विरासत को बताया देवभूमि की पहचान
भीमताल । उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने शुक्रवार को अल्मोड़ा जनपद स्थित पवित्र वृद्ध जागेश्वर, दण्डेश्वर महादेव एवं जागेश्वर धाम में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देवाधिदेव महादेव से देश और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं कल्याण की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद राज्यपाल ने कहा कि जागेश्वर धाम सहित संपूर्ण कुमाऊं क्षेत्र उत्तराखंड की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यहां का दिव्य वातावरण और आध्यात्मिक ऊर्जा श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति के साथ नई प्रेरणा प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के पवित्र तीर्थस्थल केवल आस्था के केंद्र ही नहीं हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों के संवाहक भी हैं। इन स्थलों का संरक्षण और उनकी गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
राज्यपाल ने कहा कि भगवान शिव की कृपा सभी पर बनी रहे और समाज में शांति, सद्भाव, समृद्धि तथा लोककल्याण की भावना निरंतर मजबूत होती रहे। उन्होंने कामना की कि देवभूमि की दिव्य आध्यात्मिक चेतना सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, शांति और मंगल का संचार करे।
राज्यपाल के जागेश्वर धाम पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन एवं मंदिर प्रबंधन की ओर से उनका स्वागत किया गया। दर्शन-पूजन के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर की आध्यात्मिक गरिमा और प्राकृतिक सौंदर्य की भी सराहना की।

+ There are no comments
Add yours