रामगढ़ दौरे पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

Estimated read time 0 min read





भीमताल। विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मंगलवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ ब्लॉक स्थित रिठा पोखरा का दौरा कर स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

इस दौरान ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य समेत विभिन्न जनसमस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री कैड़ा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

मंत्री कैड़ा ने भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर योजनाओं की जानकारी देने और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। जनता की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours