भीमताल , 24 अप्रैल। जनपद में बढ़ती भीषण गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए शिक्षा विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूलों की समय सारणी में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि ग्रीष्म ऋतु में बढ़ती गर्मी और हीटवेव से होने वाली परेशानियों से बचाव के लिए 15 मई तक विद्यालयों का संचालन सुबह के समय किया जाएगा। इसके तहत प्रार्थना सभा का समय प्रातः 6:45 बजे तथा विद्यालय संचालन का समय सुबह 7:00 बजे निर्धारित किया गया है।
उन्होंने विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों के विद्यालयों के समय में बदलाव के निर्देश दिए हैं। हल्द्वानी, रामनगर और कोटाबाग ब्लॉक के सभी स्कूलों में यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को निर्देशित किया है कि छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नई समय सारणी का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

+ There are no comments
Add yours