पर्यटकों से डीएम की अपील, नियमों का करें पालन, स्थानीय संस्कृति का रखें सम्मान

Estimated read time 1 min read





भीमताल, 03 जून। जनपद में बढ़ती पर्यटकों की संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने पर्यटकों, श्रद्धालुओं, प्रवासियों और आगंतुकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं का सम्मान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी पर्यटक निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और सड़कों के किनारे अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े करने से बचें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ती आवाजाही को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे में पर्यटक प्रशासन का सहयोग करें और यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन करें, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय रीति-रिवाजों और पारंपरिक मूल्यों के सम्मान का भी आग्रह किया। कहा कि देवभूमि अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और अतिथि सत्कार के लिए देश-विदेश में विशेष पहचान रखती है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में आने वाले सभी पर्यटकों का हृदय से स्वागत है। उन्होंने विश्वास जताया कि पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक धरोहर का आनंद लेने के साथ सकारात्मक अनुभव और अच्छा संदेश लेकर जाएंगे।

इस संबंध में जिलाधिकारी ने प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग, नगर निकाय, जिला पंचायत, पेयजल और पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में आने वाले पर्यटकों और आगंतुकों के लिए सड़क मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने के साथ पार्किंग स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours