₹70.18 करोड़ की जिला योजना मंजूर, 37 विभागों को मिला बजट

Estimated read time 1 min read





भीमताल , 18 अप्रैल। जनपद नैनीताल की वित्तीय वर्ष 2026-27 की ₹7018.90 लाख (70 करोड़ 18 लाख 90 हजार) की जिला योजना को शनिवार को सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया गया। प्रसार प्रशिक्षण केंद्र, बागजाला में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री खजान दास की अध्यक्षता में यह निर्णय लिया गया।
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए प्रस्तावित योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना में जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही पिछले वर्ष के अधूरे कार्यों को पूर्ण करने और रोजगारपरक योजनाओं को विशेष महत्व दिया गया है। सभी आठ विकासखंडों को शामिल करते हुए संतुलित विकास पर जोर दिया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पांडे ने विभागवार बजट प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसमें अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं और प्रगति का विवरण दिया। पिछले वित्तीय वर्ष में सभी विभागों द्वारा शत-प्रतिशत बजट खर्च करने पर प्रभारी मंत्री ने सराहना की।
बैठक में 37 विभागों को बजट आवंटित किया गया। प्रमुख विभागों में लोक निर्माण विभाग को ₹10 करोड़, जल संस्थान को ₹6 करोड़, युवा कल्याण को ₹5.80 करोड़, सिंचाई विभाग को ₹4.25 करोड़, उद्यान विभाग को ₹4 करोड़, पशुपालन को ₹3.10 करोड़, नलकूप को ₹3.12 करोड़ और कृषि विभाग को ₹2.40 करोड़ की स्वीकृति दी गई।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत धनराशि का शत-प्रतिशत व्यय निर्धारित समय में सुनिश्चित किया जाए। विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पर्यटन सीजन को देखते हुए मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में आने वाले पर्यटकों और कैंचीधाम में दर्शन को पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग, यातायात और अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक बंशीधर भगत, दीवान सिंह बिष्ट, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours