भीमताल। मल्लीताल बाजार में गुरुवार को उस समय यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई, जब दर्जनों बेसहारा पशु सड़क के बीचोंबीच खड़े हो गए। काफी देर तक पशुओं के सड़क पर डटे रहने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। स्थानीय लोगों ने पानी डालकर किसी तरह पशुओं को सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर क्षेत्र में बेसहारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ब्लॉक रोड, डांठ रोड, विकास भवन और गोरखपुर चौराहे के आसपास अक्सर बेसहारा पशु सड़कों पर घूमते नजर आते हैं। इनके कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
स्थानीय निवासी हेमंत ने बताया कि सड़क पर बैठे और घूमते बेसहारा पशुओं से आए दिन दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। कई बार ये पशु राहगीरों को भी घायल कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन पर बेसहारा पशुओं की समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए जल्द अभियान चलाकर पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की है।

+ There are no comments
Add yours