चाँफी-पदमपुरी मोटर मार्ग की बदहाली पर कांग्रेस का हमला, गुणवत्ता जांच और कार्रवाई की मांग

Estimated read time 1 min read





भीमताल। चाँफी से पदमपुरी तक मुख्य मोटर मार्ग की जर्जर स्थिति और लगातार लग रहे जाम को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने सरकार और लोक निर्माण विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाली के कारण स्थानीय लोगों और यात्रियों को रोजाना घंटों जाम का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग और सरकार समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं।
शर्मा ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि पहले भीमताल तक ही जाम की समस्या थी, लेकिन अब चाँफी से पदमपुरी तक भी लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं और डामरीकरण के नाम पर पुराने डामर को उखाड़कर छोड़ दिया गया है, जिससे स्थिति और खराब हो गई है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री द्वारा सड़क के डामरीकरण का शिलान्यास किए जाने के बाद लोगों में यह संदेश गया कि कार्य तेजी से होगा, लेकिन दो माह बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। उनका आरोप है कि लॉक टाइल, रेत और बजरी सड़क पर बेतरतीब ढंग से फैलाई गई है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि पदमपुरी से पनियाली की ओर हॉटमिक्स की बजाय केवल पैचवर्क किया जा रहा है। साथ ही लॉक टाइल निर्माण में गुणवत्ता का अभाव है और कई स्थानों पर टाइलों के किनारों की सपोर्टिंग दीवारें टूटने लगी हैं।
शर्मा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उनका असर दिखाई नहीं देता।
उन्होंने सरकार से सड़क निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय गुणवत्ता जांच कराने, अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours