भीमताल में बीएसएनएल सेवाओं की बदहाली पर कांग्रेस का हमला, नेता प्रतिपक्ष को सौंपा ज्ञापन

Estimated read time 1 min read





भीमताल। विधानसभा क्षेत् भीमताल में भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) की सेवाओं के लगातार बदहाल होने को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने कड़ा आक्रोश जताया है। उन्होंने शनिवार को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से मुलाकात कर क्षेत्र में दूरसंचार सेवाओं की खराब स्थिति को लेकर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मनोज शर्मा ने आरोप लगाया कि भीमताल विधानसभा के अधिकांश क्षेत्रों में बीएसएनएल सेवाएं लगभग पूरी तरह ठप हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों से क्षेत्रीय जनता सरकार, सांसद, विधायक और कैबिनेट मंत्री से इस सरकारी उपक्रम की सेवाओं में सुधार की मांग कर रही है, लेकिन स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि निजी कंपनियों के नेटवर्क जहां बेहतर कार्य कर रहे हैं, वहीं BSNL की सेवाएं पहाड़ी क्षेत्रों में दम तोड़ती नजर आ रही हैं। कई दूरस्थ गांवों में लोगों को फोन करने तक के लिए किलोमीटरों दूर जाना पड़ता है, जबकि इंटरनेट कनेक्टिविटी की स्थिति और भी खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि “5G के दौर में लोग छोटे-छोटे वीडियो अपलोड करने में पूरा दिन बिता रहे हैं।”

मनोज शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि बीते वर्षों में लगाए गए कई मोबाइल टॉवर मानकों की अनदेखी कर स्थापित किए गए, जिससे कनेक्टिविटी सुधरने के बजाय और खराब हुई है। विशेष रूप से धारी ब्लॉक के गांवों में बीएसएनएल सेवाएं सबसे अधिक प्रभावित बताई गई हैं।

कांग्रेस नेता ने टावर निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए न्यायिक जांच की मांग की और कहा कि पिछले 10 वर्षों में जनप्रतिनिधियों द्वारा केवल आश्वासन दिए गए, जबकि जमीनी स्तर पर सेवाएं लगातार बदहाल होती गईं।

ज्ञापन सौंपने के दौरान मनोज शर्मा ने नेता प्रतिपक्ष से सदन में इस मुद्दे को उठाने और BSNL सेवाओं में सुधार सुनिश्चित करने की मांग की। इस पर नेता प्रतिपक्ष ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सक्षम अधिकारियों को निर्देशित करने तथा यदि टावर निर्माण में अनियमितता पाई जाती है तो जांच कराने का आश्वासन दिया।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours