सड़क नहीं बनने से पलायन की मार, बगड़वार बैंड-वीरसिंग्या मोटरमार्ग को लेकर कांग्रेस ने खोला मोर्चा

Estimated read time 1 min read





भीमताल। धारी ब्लॉक के अंतर्गत बगड़वार बैंड से वीरसिंग्या तक प्रस्तावित 5 किलोमीटर मोटरमार्ग के निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों का वर्षों पुराना संघर्ष अब तेज होता नजर आ रहा है। सड़क निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए भीमताल विधानसभा के कांग्रेस नेता मनोज शर्मा और युवा कांग्रेस नेता प्रमोद कुमार ने सोमवार को पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर वीरसिंग्या क्षेत्र आज भी सड़क सुविधा से वंचित है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क न होने के कारण युवाओं को रोजगार और शिक्षा के लिए पलायन करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
शर्मा ने कहा कि पिछले 8 से 10 वर्षों से क्षेत्र के युवा और ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग को लेकर लगातार आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन के माध्यम से शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते रहे हैं, लेकिन अब तक मोटरमार्ग निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि आश्वासन देकर चले जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर काम नहीं होता।
उन्होंने बताया कि करीब 5-6 माह पूर्व पीएमजीएसवाई द्वारा सड़क का सर्वे कराया गया था, जिसमें मार्ग की उपयोगिता को स्वीकारते हुए इसकी डीपीआर शासन स्तर पर लंबित होने की जानकारी दी गई। नेताओं का कहना है कि यदि जल्द वित्तीय स्वीकृति जारी कर निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ग्रामीण वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं और अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। “सड़क निर्माण हर हाल में शुरू कराया जाएगा,” उन्होंने कहा।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours