भीमताल से सीएम धामी का ‘विकास पैकेज’, नैनीताल को 96.71 करोड़ की योजनाओं की सौगात

Estimated read time 1 min read





13 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, सैनिकों-व्यापारियों के लिए बहुउद्देशीय भवन का एलान

भीमताल । विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर भीमताल पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले को 96 करोड़ 71 लाख 19 हजार रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देकर विकास को नई रफ्तार देने का संदेश दिया। रामलीला मैदान मल्लीताल में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने 13 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही भीमताल विधानसभा क्षेत्र के लिए कई अहम घोषणाएं कर स्थानीय लोगों को बड़ी राहत देने का प्रयास किया।
मुख्यमंत्री ने 66 करोड़ 99 लाख 60 हजार रुपये की लागत से छह विकास योजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि 29 करोड़ 71 लाख 59 हजार रुपये की सात योजनाओं का शिलान्यास किया। लोकार्पित योजनाओं में कुमाऊं विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का रेनोवेशन, योगा भवन, गणित एवं बीएड भवन निर्माण प्रमुख रहे। इसके अलावा हरतोला-सतपूरी मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण और डीएसबी परिसर में छात्रावास व आईटी लैब निर्माण कार्य का लोकार्पण भी किया गया। भीमताल में 10 शैय्यायुक्त आयुष चिकित्सालय निर्माण को भी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
शिलान्यास योजनाओं में काठगोदाम बाईपास मोटर मार्ग, रानीबाग क्षेत्र में सड़क परियोजनाएं, स्टील ट्रस सेतु निर्माण तथा रामनगर-बेतालघाट मोटर मार्ग निर्माण प्रमुख रहे। वहीं नौकुचियाताल, बर्धो और हल्सौ के आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान यहां की नदियों, जंगलों और हिमालय से है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति कर्तव्य भी है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन हिमालयी राज्यों के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है। बदलता मौसम, सूखते जल स्रोत और प्राकृतिक आपदाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यावरण संरक्षण और विकास के संतुलन के साथ आगे बढ़ रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने भीमताल क्षेत्र के विकास के लिए सैनिकों एवं व्यापारियों हेतु बहुउद्देशीय भवन निर्माण, भीमेश्वर मंदिर व ओखलकांडा पशुपतिनाथ मंदिर को मंदिर माला मिशन से जोड़ने, ओड़ाखान-मुक्तेश्वर मार्ग के मिलान, रामगढ़ उप तहसील के शीघ्र संचालन और प्राधिकरण संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए उच्च स्तरीय कमेटी गठन की घोषणा की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं की जानकारी दी। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने रामलीला मैदान स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours