भीमताल, 03 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 05 जून को प्रस्तावित मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भीमताल कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पांडे ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत भीमताल क्षेत्र में करीब 3000 बोगनवेलिया पौधों का रोपण किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र की सुंदरता और हरित वातावरण को मजबूती मिलेगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने उद्यान विभाग के अधिकारियों को पौधारोपण की सभी तैयारियां तय समयसीमा के भीतर पूर्ण करने तथा पौधों की गुणवत्ता और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल एवं गरिमामय बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

+ There are no comments
Add yours