घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, नैनीताल जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू

Estimated read time 1 min read





राज्यपाल से लेकर आम मतदाताओं तक बांटे जा रहे गणना फॉर्म, 7 जुलाई तक चलेगा अभियान

भीमताल। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत सोमवार से हो गई। इसके तहत नैनीताल जिले में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। अभियान की शुरुआत लोक भवन नैनीताल में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) द्वारा गणना फॉर्म उपलब्ध कराए जाने के साथ हुई।
अधिकारियों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बीएलओ प्रत्येक मतदाता के घर पहुंचकर गणना फॉर्म वितरित करेंगे और मतदाता विवरणों का सत्यापन एवं अद्यतन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित हो सके।
अभियान के तहत बीएलओ पूजा ने कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत के आवास पहुंचकर उन्हें गणना फॉर्म उपलब्ध कराया और आवश्यक जानकारी दी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक कुमार राय तथा उपजिलाधिकारी एवं ईआरओ नवाजिश खालिक मौजूद रहे। वहीं बीएलओ द्वारा जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल को भी गणना फॉर्म सौंपा गया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडेय, बीएलओ राजेंद्र गिरी, सुपरवाइजर कैलाशचंद जोशी और समन्वयक गिरीश तिवारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी मतदाताओं से अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह एक राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि फॉर्म वितरण और प्राप्ति के दौरान मतदाताओं को सही जानकारी दें और फॉर्म की सावधानीपूर्वक जांच करें।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी 1010 बीएलओ को गणना फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं और 8 जून से 7 जुलाई तक घर-घर जाकर गणना फॉर्म वितरित एवं डिजिटाइज करने का कार्य बीएलओ ऐप के माध्यम से किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जो मतदाता दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे “बुक ए कॉल विद बीएलओ” फीचर का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए मतदाता ECI Voters Service Portal⁠ पर जाकर या ECI-Net मोबाइल ऐप⁠ के माध्यम से अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिन के भीतर बीएलओ संपर्क करेंगे। यदि किसी घर में मतदाता नहीं मिलता है तो बीएलओ तीन बार विजिट करेंगे और घर पर अगली विजिट की जानकारी वाला स्टीकर लगाएंगे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 8 जून से 7 जुलाई के बीच गणना फॉर्म के साथ किसी प्रकार के दस्तावेज नहीं लिए जाएंगे, हालांकि मतदाताओं से नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो उपलब्ध कराने की अपील की गई है। 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जबकि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours