स्व. प्रताप सिंह मौनी स्मृति प्रतियोगिता में सेमीफाइनल मुकाबलों ने बढ़ाया रोमांच
भीमताल। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन नैनीताल की ओर से अधिवक्ता स्व. प्रताप सिंह मौनी की स्मृति में आयोजित जिला स्तरीय कैरम टूर्नामेंट अब रोमांचक दौर में पहुंच गया है। प्रतियोगिता के 11वें दिन बार हॉल में खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
डबल्स वर्ग के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला। डी.एस. दानु और हंसराज सिजवाली की जोड़ी ने प्रबल दावेदार मानी जा रही संजय सुयाल और राकेश सुयाल की जोड़ी को शिकस्त देकर फाइनल में जगह बना ली।
वहीं दूसरे सेमीफाइनल में पंकज कुमार और तस्लीम की जोड़ी ने गौरव और मुकेश को कड़े मुकाबले में मात देते हुए खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया।
सिंगल्स वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में यशपाल आर्या, मुकेश चंद्रा, चंद्रप्रकाश और गौरव ने जीत दर्ज कर अंतिम चार में स्थान पक्का किया। सिंगल्स वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले 9 जून को खेले जाएंगे, जबकि 10 जून को सिंगल्स और डबल्स दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबले आयोजित होंगे।
इस दौरान बार एसोसिएशन अध्यक्ष अरुण बिष्ट, सचिव संजय सुयाल समेत अन्य पदाधिकारी और वरिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सराहना की।

+ There are no comments
Add yours