नैनीताल की सभी पैक्स समितियां बनीं ई-पैक्स, सहकारिता सप्ताह में हुआ वृहद वृक्षारोपण

Estimated read time 1 min read





भीमताल, 4 जुलाई। सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सहकारिता सप्ताह के पांचवें दिन शनिवार को जनपद नैनीताल में हरेला पर्व–वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सहकारिता विभाग एवं नैनीताल डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, हल्द्वानी के संयुक्त तत्वावधान में कुंवरपुर सहित विभिन्न सहकारी समितियों में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जनपद नैनीताल के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी दर्ज हुई। जिले की सभी प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियां (PACS) अब 100 प्रतिशत ई-पैक्स (E-PACS) घोषित हो गई हैं। इससे सहकारी समितियों के कार्यों में डिजिटल पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों को विभिन्न सहकारी सेवाओं का लाभ अधिक सरल एवं सुगम तरीके से मिल सकेगा।

संयुक्त निबंधक, सहकारी समितियां उत्तराखंड नीरज बेलवाल ने इस उपलब्धि पर जनपद नैनीताल की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ई-पैक्स व्यवस्था से किसानों को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम में नैनीताल डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक आर.एस. रैना, जिला सहायक निबंधक सहकारी समितियां डी.एस. नपलचियाल, जिला सहकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह रैकुनी, उप महाप्रबंधक कविता गोदियाल, के.एस. रैकुली, दीपक चन्द्र भट्ट, विनोद चौधरी, भारत पंत सहित विभागीय एवं बैंक के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours