दिल्ली होटल अग्निकांड के बाद नैनीताल में अलर्ट, होटल-होमस्टे की होगी सख्त जांच

Estimated read time 1 min read





15 दिन में तैयार होगी रिपोर्ट, फायर एनओसी से लेकर इमरजेंसी एग्जिट तक होगी पड़ताल

भीमताल, 4 जून। दिल्ली में हाल ही में हुए भीषण होटल अग्निकांड के बाद नैनीताल जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। जिले में जनसुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए सभी होटल, गेस्ट हाउस, लॉज, होमस्टे, मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन ऑडिट कराने का निर्णय लिया है।

जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जिले के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए प्रशासन, अग्निशमन, पुलिस, विद्युत, जल संस्थान और जिला विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की संयुक्त समिति गठित की गई है। नगर मजिस्ट्रेट और उपजिलाधिकारी हल्द्वानी को अपने-अपने क्षेत्रों में समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
समिति में पुलिस क्षेत्राधिकारी, नगर निगम के नगर आयुक्त, नगर पालिका व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, जल संस्थान और विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता, विद्युत सुरक्षा विभाग और ऊर्जा निगम के प्रतिनिधि शामिल रहेंगे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी और अग्निशमन अधिकारी सदस्य सचिव की भूमिका निभाएंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी होटल, गेस्ट हाउस, लॉज, होमस्टे और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन ऑडिट कर 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी जाए।
निरीक्षण के दौरान भवनों में आपातकालीन निकास व्यवस्था, विद्युत वायरिंग, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, फायर एनओसी की वैधता और पार्किंग व्यवस्था की जांच की जाएगी। इसके अलावा प्रवेश व निकास मार्गों की स्थिति, राहत एवं बचाव वाहनों की आवाजाही की सुविधा और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप निर्माण की भी पड़ताल होगी।
जिलाधिकारी ने साफ किया है कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही, गंभीर अनियमितता या जनसुरक्षा के लिए खतरा मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours