उत्तराखंड के राजकीय आईटीआई में प्रवेश शुरू, 25 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन

Estimated read time 1 min read






भीमताल: उत्तराखंड के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा विभाग ने इच्छुक छात्र-छात्राओं से 25 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।

राजकीय आईटीआई बेतालघाट में कार्यरत उप नोडल अधिकारी (प्रवेश समिति), कुमाऊं मंडल राजेंद्र पांडे ने बताया कि कुमाऊं मंडल के 37 आईटीआई में विभिन्न ट्रेडों में ड्यूल ट्रेनिंग सिस्टम (डीटीएस) लागू किया गया है। इसके तहत एक वर्षीय पाठ्यक्रम के प्रशिक्षार्थियों को छह माह उद्योगों में प्रशिक्षण मिलेगा, जबकि दो वर्षीय कोर्स के प्रशिक्षार्थी एक वर्ष संस्थान और एक वर्ष चयनित कंपनी में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को उद्योगों की कार्यप्रणाली, अनुशासन, व्यवहार और तकनीकी कौशल का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। साथ ही संबंधित कंपनियां नियमानुसार मानदेय भी देंगी, जिससे प्रशिक्षण के बाद रोजगार मिलने की संभावना बढ़ेगी। संस्थान की ओर से प्रशिक्षार्थियों को ड्रेस भी उपलब्ध कराई जाती है।

राजेंद्र पांडे ने बताया कि हर वर्ष आईटीआई परिसर में रोजगार एवं अप्रेंटिस मेले का आयोजन किया जाता है, जहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को विभिन्न कंपनियों में अप्रेंटिस और रोजगार के अवसर मिलते हैं। स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए जिला उद्योग केंद्र, एमएसएमई और बैंकों के अधिकारियों द्वारा ऋण योजनाओं की जानकारी भी दी जाती है। उन्होंने बताया कि अग्निवीर भर्ती में भी आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को नियमानुसार वरीयता मिलती है।

प्रवेश कार्यक्रम

  • ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि : 25 जुलाई 2026
  • आवेदन संशोधन : 22 से 25 जुलाई
  • मेरिट सूची : 26 जुलाई
  • विकल्प भरने की तिथि : 27 जुलाई से 2 अगस्त
  • प्रथम काउंसलिंग सूची : 4 अगस्त
  • प्रवेश प्रक्रिया : 4 से 10 अगस्त 2026

उप नोडल अधिकारी ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन करने तथा अधिक जानकारी के लिए निकटतम राजकीय आईटीआई या विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से संपर्क करने की अपील की।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours