भीमताल झील संरक्षण को लेकर सिंचाई विभाग की अनोखी पहल, लगाए जा रहे जागरूकता बोर्ड

Estimated read time 1 min read





सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी की पहल लाई रंग, झीलों की स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष फोकस

भीमताल : झीलों की नगरी कहे जाने वाले भीमताल में अब झील संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान और भी मजबूत हो गया है। सिंचाई विभाग ने झीलों की स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता बोर्ड लगाने की पहल शुरू कर दी है। यह कदम लंबे समय से स्थानीय लोगों और झील प्रेमियों की मांग पर उठाया गया है।

पांच प्रमुख तालों पर लगाए जा रहे बोर्ड

इस अभियान के तहत भीमताल, नौकुचियाताल, कमलताल, नलदमयंती ताल और सातताल के किनारे ऐसे सूचना और चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं जिन पर साफ निर्देश दिए गए हैं—कूड़ा न फेंकें, प्लास्टिक से बचें, झीलों को स्वच्छ रखें और डूबने की घटनाओं से सावधान रहें। इस दिशा में विशेष रूप से सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी ने वर्षों से निरंतर प्रयास किए। उन्होंने जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग को कई बार पत्र लिखकर इस विषय को गंभीरता से उठाया। उनकी इस पहल को अब मूर्त रूप मिला है। बृजवासी ने कहा, “यह पहल झीलों की सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक भी करेगी। यह सिर्फ एक बोर्ड नहीं, एक संदेश है—प्रकृति से प्रेम का।”
झील किनारे व्यवसाय कर रहे पर्यटन व्यापारियों, स्थानीय निवासियों और पर्यावरण प्रेमियों ने सिंचाई विभाग के इस कदम का खुले दिल से स्वागत किया है। उनका कहना है कि इससे पर्यटकों में भी सामाजिक जिम्मेदारी की भावना बढ़ेगी।

झील संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर

यह पहल न केवल झीलों की स्वच्छता और जैव विविधता की रक्षा में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी प्रकृति के संरक्षण का जीवंत संदेश देगी।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours