भीमताल : सरकार के जनता से सीधे संवाद और त्वरित समाधान की नीति का एक और सशक्त उदाहरण सामने आया है। मुख्यमंत्री जनता मिलन कार्यक्रम में दर्ज की गई एक शिकायत पर हुई तत्काल कार्रवाई ने आमजन में भरोसे की नई मिसाल पेश की है। मामला था हरीश चन्द्र शर्मा पुत्र स्व. बी.एल. शर्मा, निवासी हिमंतपुर चौमवाल, मोटाहल्दू, तहसील लालकुआं का, जिन्होंने दो माह पूर्व आयुक्त एवं सचिव मा. मुख्यमंत्री श्री दीपक रावत के समक्ष भूमि संबंधी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, शर्मा ने नामूना बाजपुर निवासी प्रेम सिंह से 7000 वर्गफुट भूमि खरीदी थी, जिसकी रजिस्ट्री व दाखिल-खारिज की कार्यवाही पूर्ण हो चुकी थी। लेकिन जब पैमाइश करवाई गई, तो भूमि में 600 वर्गफुट की कमी पाई गई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। राजस्व विभाग द्वारा पैमाइश व अभिलेखीय सत्यापन के बाद यह सिद्ध हो गया कि भूमि वास्तव में कम दी गई थी। आयुक्त के निर्देशानुसार, राजस्व टीम ने तत्परता दिखाते हुए समस्त वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी कर शिकायतकर्ता को उसकी खरीदी गई पूर्ण भूमि का रकबा उपलब्ध करा दिया। गुरुवार को हरीश चन्द्र शर्मा ने स्वयं आयुक्त से भेंट कर उनकी संवेदनशीलता, तत्परता एवं जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर आयुक्त दीपक रावत ने स्पष्ट कहा,
“ जनसुनवाई सिर्फ औपचारिकता नहीं, आम जनता को न्याय दिलाने का संकल्प है। प्रशासन पारदर्शिता और जनसेवा के मूलमंत्र पर ही कार्य करता रहेगा।”

+ There are no comments
Add yours