कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत ने विजेता खिलाड़ियों को ट्राफ़ियाँ प्रदान कर बढ़ाया उत्साह
भीमताल : मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में आयोजित तीन दिवसीय जिला बैडमिंटन प्रतियोगिता का रंगारंग समापन शनिवार को हुआ। जिला खेल कार्यालय एवं नैनीताल जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न इस प्रतियोगिता के समापन समारोह में कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान रावत ने विभिन्न आयु वर्गों में उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उप-विजेता खिलाड़ियों को ट्राफ़ी व प्रमाण-पत्र प्रदान किए और आगामी राज्य-स्तरीय एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएँ दीं।
————————————————
“खेल न सिर्फ़ शारीरिक फिटनेस को निखारते हैं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना भी विकसित करते हैं,” – दीपक रावत, कमिश्नर कुमाऊँ मंडल।
————————————————
मुख्य अतिथि ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे टूर्नामेंट जिले में खेल-संस्कृति को प्रोत्साहित करते हैं और युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं। उन्होंने विद्यालयों और अभिभावकों से अधिक-से-अधिक बच्चों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। समापन समारोह में जिला खेल अधिकारी निर्मला पंत, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कोच, बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, खिलाड़ी एवं अभिभावक मौजूद रहे। आयोजन की सुव्यवस्थित व्यवस्था और उत्साहपूर्ण माहौल के लिए सभी ने संयुक्त रूप से आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया।

+ There are no comments
Add yours