श्री कैंचीधाम मंदिर ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में दिए 2.5 करोड़

Estimated read time 0 min read

देहरादून। विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम मंदिर में गुरुपूर्णिमा पर आयोजित कार्यक्रम में कैंची धाम मन्दिर ट्रस्ट ने प्रदेश में प्राकृतिक आपदा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 2.5 करोड़ का चैक मुख्य विकास अधिकारी अनामिका को सौंपा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा पीड़ित परिवारों को मदद के लिय ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंची धाम मन्दिर ट्रस्ट द्वारा आपदा पीड़ितों की मदद के साथ ही शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में किया जाने वाला सहयोग मानवता की बड़ी सेवा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंची धाम में प्रतिवर्ष श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के दृष्टिगत यातायात की सुगमता के लिये कैंची धाम बाईपास के लिए वन भूमि प्रस्ताव को केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के बाद सड़क का तेजी से निर्माण किया जा सकेगा, जिससे क्षेत्रीय लोगों एवं पर्यटकों को आवाजाही में सुविधा मिलेगी साथ ही कैंची धाम और भवाली के पास लगने वाले जाम से भी मुक्ति मिलेगी।

कैंचीधाम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष ओमप्रकाश बिंद्रा ने कहा कि कैंची धाम मंदिर ट्रस्ट सामाजिक क्षेत्र में लंबे समय से कार्य व योगदान करते आ रहा है। ट्रस्ट द्वारा प्रत्येक वर्ष 3000 बच्चों को दी जा रही छात्रवृत्ति को बढ़ाकर 5000 किया गया है।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours