भीमताल : आगामी त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 की तैयारियों के अंतर्गत आज मेडिकल कॉलेज सभागार, हल्द्वानी में दो पालियों में मतदान अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान कुल 1047 कार्मिकों को प्रशिक्षण प्राप्त हुआ। प्रशिक्षण सत्र के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदान स्थल पर रवानगी एवं मतपेटी जमा करने के लिए केवल जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्धारित वाहन का ही प्रयोग करें। किसी भी परिस्थिति में निजी या अन्य व्यक्ति के वाहन का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र की 100 मीटर की परिधि में प्रचार पूरी तरह वर्जित रहेगा, जिसकी निगरानी की जाएगी। किसी समस्या की स्थिति में अधिकारी अपने जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट या रिटर्निंग ऑफिसर से तत्काल संपर्क करें। जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान मतगणना की प्रक्रिया, स्ट्रॉन्ग रूम तक मतपेटी पहुंचाने की व्यवस्था, मतदान केंद्रों पर रोशनी की व्यवस्था, अलग-अलग लाइनों, तथा सूचना पट पर बूथ संख्या स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए गए। मास्टर ट्रेनर एच.बी. चंद ने बताया कि यदि किसी मतदाता के दोनों हाथ न हों, तो पहचान स्याही ठुड्डी (चिन) पर लगाई जाएगी। मतदाता 25 प्रकार के वैध पहचान दस्तावेज प्रस्तुत कर मतदान कर सकते हैं। मतपत्र के पीछे सुभेदक सील और पीठासीन अधिकारी के हस्ताक्षर अनिवार्य रहेंगे। इस अवसर पर राजेन्द्र पाण्डे (मतपेटी सह नोडल अधिकारी) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours