रामनगर में पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन सतर्क, संवेदनशील बूथों पर विशेष व्यवस्था के निर्देश

Estimated read time 1 min read





भीमताल : त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में रविवार को तहसील सभागार रामनगर में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने चुनाव से जुड़े अधिकारियों व राजस्व कार्मिकों के साथ तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। अपर जिलाधिकारी ने तहसील क्षेत्र के आपदा संभावित एवं संवेदनशील मतदान केंद्रों की विशेष रूप से जानकारी ली। उन्होंने चुकम, क्यारी, टेढ़ा, पाटकोट सहित अन्य गावों में स्थित ऐसे बूथों की समीक्षा की, जहां बारिश के दौरान नदी-नालों व गधेरों में जलस्तर बढ़ने की संभावना रहती है। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे सभी स्थानों पर पोलिंग पार्टियों की समय से सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जेसीबी मशीन व अन्य आवश्यक संसाधन पूर्व से तैयार रखें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में उपजिलाधिकारी रामनगर प्रमोद कुमार, तहसीलदार मनीषा मारकाना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours