कॉर्बेट रिजर्व में सीएम धामी ने किया पौधरोपण, ‘फाटो जोन’ अब 12 महीने खुला रहेगा

Estimated read time 1 min read





वाइल्डलाइफ टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

भीमताल : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जिम कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के ढेला एवं फाटो रेंज का दौरा कर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत फलदार पौधा रोपित किया। सीएम ने अपनी पूज्य माता श्रीमती बिशना देवी के नाम पौधा लगाकर प्रदेशवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। इसे कम करने के लिए सरकार मानसून काल में प्रदेश के सभी 40 वन प्रभागों में फलदार पौधों का रोपण करेगी, ताकि वन्य जीवों को जंगल में ही भोजन मिल सके और वे रिहायशी क्षेत्रों की ओर न आएं। उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत आम, बेर, जामुन, आंवला जैसे स्थानीय फलदार वृक्षों को प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कॉर्बेट रिजर्व स्थित रेस्क्यू सेंटर का निरीक्षण भी किया, जहां वर्तमान में 11 बाघ और 13 तेंदुए रखे गए हैं। उन्होंने इसे और अधिक विकसित करने के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजने की बात कही। सीएम धामी ने कहा कि फाटो जोन को इस बार से 12 महीने पर्यटकों के लिए खोला जाएगा, जिससे पर्यटक पूरे वर्ष जंगल सफारी का आनंद ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यहां 100 से अधिक जिप्सियां संचालित हैं, जिससे स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है और गत वर्षों में यहां से 25 करोड़ रुपये से अधिक की आय हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एंग्लिंग, राफ्टिंग, ट्रैकिंग जैसे साहसिक पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य सरकार अब पर्यटन को 12 महीने की गतिविधि बनाकर युवाओं के लिए अधिकतम अवसर सृजित करने की दिशा में कार्य कर रही है। सीएम धामी ने बताया कि इस वर्ष से राज्य में ‘शीतकालीन यात्रा’ प्रारंभ की गई है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भी प्रोत्साहन मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि चारधाम समेत अन्य धार्मिक व पर्यटन स्थलों में इस वर्ष पर्यटकों की भारी भीड़ रही है। इसके साथ ही कैलाश मानसरोवर यात्रा भी पुनः प्रारंभ की गई है। इस अवसर पर रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी वंदना, पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद नारायण मीणा, कॉर्बेट निदेशक डॉ. साकेत बडोला सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours