जिलाधिकारी ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश, जनहानि शून्य
भीमताल : लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा के चलते सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे नैनीताल जनपद के हल्द्वानी तहसील अंतर्गत देवखड़ी नाले में अचानक जलस्तर बढ़ने की सूचना प्राप्त हुई। अतिवृष्टि के कारण शुष्क नाले में जल का प्रवाह तेज हो गया, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला आपदा नियंत्रण कक्ष नैनीताल में आईआरएस प्रणाली को सक्रिय कर दिया गया। तहसील स्तर पर भी आपदा प्रतिक्रिया प्रणाली तत्काल क्रियाशील की गई।
जिलाधिकारी वंदना सिंह, अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नैनीताल, ने आपदा परिचालन केंद्र में अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों हेतु तत्काल योजना तैयार करने के निर्देश दिए। घटना के तुरंत बाद हल्द्वानी तहसील कार्यालय में स्टेजिंग एरिया तैयार कर राहत एवं बचाव दलों को मौके पर रवाना किया गया। क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें से 4 को प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया, जबकि 2 गंभीर घायलों को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सुशीला तिवारी चिकित्सालय भेजा गया। जेसीबी मशीन की सहायता से मलवा हटाने का कार्य जारी है। राहत कार्यों के तहत प्रभावितों को राहत शिविरों में सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जहां उन्हें भोजन एवं पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रशासन की तत्परता से राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

+ There are no comments
Add yours