पर्यावरण और हिमालय संरक्षण पर हुई चर्चा
भीमताल : राजभवन नैनीताल में शनिवार को प्रसिद्ध छायाकार एवं प्रकृति प्रेमी पद्मश्री अनूप साह ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच हिमालय, पर्यावरण संरक्षण और बच्चों में प्रकृति के प्रति रुचि बढ़ाने जैसे कई अहम विषयों पर सारगर्भित चर्चा हुई।
राज्यपाल ने अनूप साह द्वारा प्रकृति और हिमालय की सुंदरता को कैमरे के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत करने की सराहना करते हुए कहा कि “उनके कार्य न केवल दृश्य सौंदर्य को सामने लाते हैं, बल्कि पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता का भी माध्यम बनते हैं।” उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रकृति के प्रति लगाव और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आज की आवश्यकता है। इस अवसर पर यह सुझाव भी सामने आया कि विद्यालय स्तर से ही बच्चों को नेचर वॉक, हिमालयी क्षेत्रों की भौगोलिक एवं जैविक विशेषताओं से परिचित कराया जाए, ताकि वे प्रकृति के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बन सकें। पद्मश्री अनूप साह ने राज्यपाल को अपने पर्यावरणीय अभियानों और हिमालयी जीवनशैली पर किए गए फोटोग्राफिक डॉक्यूमेंटेशन की जानकारी दी। राज्यपाल ने उनके कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की और कहा कि “भविष्य में प्रदेश के हित में प्राकृतिक और पर्यावरणीय संरक्षण के क्षेत्र में साझा प्रयास किए जाएंगे।”

+ There are no comments
Add yours