राज्यपाल ने महिला समूहों की प्रदर्शनी का किया अवलोकन

Estimated read time 1 min read





आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड की मिसाल हैं हमारी मातृशक्ति

‘लोकल से ग्लोबल’ की दिशा में बढ़ते कदम, उत्पादों की गुणवत्ता और नवाचार की राज्यपाल ने की सराहना

भीमताल : राजभवन नैनीताल में गुरुवार को महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा आयोजित उत्पाद प्रदर्शनी में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने भीमताल, कोटाबाग, धारी, रामगढ़, हल्द्वानी और रामनगर ब्लॉकों की महिलाओं द्वारा बनाए गए विविध उत्पादों का अवलोकन कर उनकी प्रशंसा की। प्रदर्शनी में वुडन आर्ट, ऐपण चित्रकला, बेकरी सामग्री, अचार-जैम, हस्तशिल्प और स्थानीय मसालों सहित विभिन्न नवाचारयुक्त उत्पादों की प्रस्तुति की गई। राज्यपाल ने कहा कि, “उत्तराखण्ड की महिलाएं केवल प्रतिभावान ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत स्तंभ हैं। इनकी मेहनत और सृजनात्मकता सराहनीय है।” उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार उत्पादों में नवाचार और गुणवत्ता का स्तर कहीं अधिक देखने को मिला है। उन्होंने उत्पादों में ‘वैल्यू एडिशन’ पर ज़ोर देते हुए कहा कि इससे उत्पादों की बाज़ार मांग और आर्थिक मूल्य में वृद्धि होगी। राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन समूहों ने उत्कृष्ट कार्य किया है, उनकी सफलता की कहानियाँ तैयार कर प्रचारित की जाएं ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इससे प्रेरणा ले सकें। उन्होंने कहा कि राज्य की महिलाएं अब अपने उत्पाद देश-विदेश तक पहुँचा रही हैं, जो ‘लोकल से ग्लोबल’ की दिशा में अहम प्रयास है। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि समूहों को पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण देने के लिए विशेषज्ञों की मदद से कार्यशालाएं आयोजित की जाएं। इस अवसर पर अधिकारियों ने राज्यपाल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में जारी प्रयासों पर आधारित पुस्तक “उजाले की ओर बढ़ते कदम” भी भेंट की। कार्यक्रम में प्रथम महिला गुरमीत कौर, सीडीओ अनामिका, सहायक परियोजना निदेशक ग्रामीण विकास चंद्रा फर्त्याल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours