पिछले कई महीनों से समस्या जस की तस, विभागों के बीच फंसी जिम्मेदारी
भीमताल। नगर के मुख्य बाजार में एक सीवर का गड्ढा पिछले कई महीनों से स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। हालात यह हैं कि कई बार यह गड्ढा सीवर के गंदे पानी से लबालब भरा रहता है। जब वाहन तेज गति से गुजरते हैं, तो इस गंदे पानी के छींटे सड़क से गुजरने वाले लोगों पर गिरते हैं। स्थानीय निवासियों और कारोबारी युसुफ का कहना है कि इस गड्ढे को लेकर कई बार शिकायतें की गई हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जल संस्थान विभाग और लोक निर्माण विभाग (PWD) इस जिम्मेदारी को एक-दूसरे पर टालते नजर आ रहे हैं। विभागीय तालमेल की कमी के चलते समस्या लगातार बनी हुई है। कुछ दोपहिया वाहन चालकों को इस गड्ढे के कारण चोटें भी आई हैं। लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गड्ढे की मरम्मत जल्द करवाई जाए और जिम्मेदार विभाग पर कार्रवाई की जाए, ताकि आने वाले दिनों में कोई अनहोनी न हो।

+ There are no comments
Add yours