भीमताल: भीमताल ब्लॉक के दूरस्थ गांव बानना की 76 वर्षीय दिव्यांग वृद्धा माधवी देवी का आखिरकार आधार कार्ड बन गया। बीते दस वर्षों से आधार कार्ड न बनने के कारण वह सरकारी योजनाओं से वंचित थीं। अब समाजसेवी पूरन बृजवासी और जिलाधिकारी वंदना सिंह की त्वरित पहल से उनके चेहरे पर मुस्कान लौट आई है। माधवी देवी के परिजनों ने आधार कार्ड बनवाने के लिए कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के चक्कर काटे, लेकिन हर बार निराशा ही हाथ लगी। थक-हारकर परिजनों ने भीमताल नगर के समाजसेवी पूरन बृजवासी से संपर्क किया। पूरन बृजवासी ने सोशल मीडिया और ई-मेल के माध्यम से जिलाधिकारी नैनीताल को पूरा मामला बताया।
जिलाधिकारी वंदना सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। आधार ऑपरेटर पंकज को दिव्यांग महिला के घर भेजा गया। बिजली न होने के कारण रात करीब 9 बजे जनरेटर व्यवस्था के माध्यम से आधार पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। माधवी देवी और उनके परिजनों ने जिलाधिकारी और समाजसेवी का आभार जताया। उनका कहना है कि अब उन्हें भी वृद्धावस्था पेंशन और अन्य योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
इसी क्रम में पूरन बृजवासी ने पिथौरागढ़ निवासी और वर्तमान में हल्द्वानी अमरावती कॉलोनी में रह रहे दिव्यांग चंद्र शेखर पुनेरा का भी आधार बनवाने की व्यवस्था की। आधार टीम ने उनके घर पहुंचकर प्रक्रिया पूरी की। पुनेरा परिवार ने भी जिलाधिकारी और समाजसेवी को धन्यवाद दिया।

+ There are no comments
Add yours